बदरीनाथ। भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान बदरी विशाल का मंदिर गेंदे, चंपा और चमेली सहित विभिन्न प्रजातियों के फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। फूलों की आकर्षक सजावट से मंदिर का सिंहद्वार और पूरा परिसर दिव्य छटा बिखेर रहा है। धाम पहुंच रहे श्रद्धालु मंदिर के मनमोहक स्वरूप को निहारकर अभिभूत हो रहे हैं।
धनतेरस से दीपावली तक बदरीनाथ धाम में धार्मिक उत्सव और उल्लास का माहौल रहेगा। धनतेरस के अवसर पर भगवान बदरी विशाल की बद्रीश पंचायत में विराजमान देवी-देवताओं के साथ भगवान के खजांची कुबेर जी और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
मंदिर का भव्य पुष्प शृंगार ऋषिकेश की राम विश्वास बदरी नारायण फ्लावर शॉप की ओर से किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि फ्लावर शॉप संचालक के दिवंगत भाई बदरी नारायण की स्मृति में उनके परिजन प्रतिवर्ष बदरीनाथ मंदिर को फूलों से सजाते आ रहे हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी मंदिर परिसर को विभिन्न प्रजातियों के फूलों से आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
फूलों से सजे मंदिर की अलौकिक सुंदरता श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दीपोत्सव के अवसर पर बदरीनाथ धाम में धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
