देहरादून: पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग कर युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना पूर्व में कॉलेज में हुए विवाद के चलते अंजाम दी गई। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार सवार युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की है, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। घायल साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के संबंध में साहिल के साथी अंशुल पुत्र शिवकुमार निवासी शिकारपुर, मंगलौर ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि उसका और उसके साथी आदित्य व सुजल का गुरमीत नामक युवक से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते गुरमीत ने अपने साथियों अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उन पर फायरिंग की, जिसमें साहिल गोली लगने से घायल हो गया। तहरीर के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 544/26, धारा 109/3(5)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सघन चेकिंग में पकड़ा गया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जनपद के सभी थानों और सीमावर्ती चेकपोस्टों को संदिग्ध कार की जानकारी देते हुए चेकिंग के निर्देश दिए। इसी दौरान पुलिस की सक्रियता और पहले से चल रहे सघन चेकिंग अभियान के बीच नया गांव बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी रोहित को स्विफ्ट कार समेत गिरफ्तार कर लिया।
आईटीएस कॉलेज रोड से शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रोहित ने बताया कि गुरमीत का आदित्य, सुजल और उनके साथियों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरमीत और उसके साथियों ने आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर आदित्य, सुजल व उनके साथियों पर फायरिंग की। हालांकि इस दौरान किसी को चोट नहीं लगी। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने के बाद आरोपी स्विफ्ट कार से वहां से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से कार सवार युवकों का पीछा किया। शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा उन पर फायरिंग की। इस दौरान आदित्य का साथी साहिल गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अन्य आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीमों द्वारा उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। रोहित पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान में सुभारती कॉलेज, देहरादून में होटल मैनेजमेंट का छात्र। वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या HR-51-AZ-0890।