देहरादून। शिव सेना मुख्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के उल्लास के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में शिव सेना के राज्य प्रमुख गौरव कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा। ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में गौरव कुमार ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। शिव सेना परिवार की ओर से उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में छोटे-छोटे स्कूली बच्चों ने देशभक्ति के गीतों, मनमोहक नृत्य, मार्शल आर्ट्स और सेल्फ डिफेंस की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
शिव सेना सचिव विकास मल्होत्रा ने भी देशभक्ति के गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों और बच्चों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला प्रमुख अमित कर्णवाल, पंकज तायल, अरविंद शर्मा, विकास मल्होत्रा, रोहित बेदी, वासु परविंदा, अमित डिमरी, कविता आहूजा, गौरव कलोनी, किशन गोपाल सिंघल, अभिनव बेदी, गोकुल परविंदा, मोहम्मद फरीद, इक्विन्द्र सिंह, अक्षय शर्मा सहित शिव सेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।