टिहरी: अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने मानसून के दौरान हुई क्षति एवं परिसंपत्तियों के नुकसान के आंकलन के लिए गजा-देवप्रयाग मोटर मार्ग एवं बादशाहीथौल-गजा मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर सड़क के पुस्तों को हुई आंशिक क्षति का जायजा लिया गया। जिसमें मार्गों पर यातायात सुचारू पाया गया। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोनिवि नरेंद्रनगर को क्षतिग्रस्त हिस्सों से संबंधित आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने खरसाड़ा गांव में सड़क कटाव के कारण गांव की ओर नीचे जाने वाले मार्ग को हुई आंशिक क्षति का भी निरीक्षण किया। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज खरसाड़ा के क्षतिग्रस्त आंगन का जायजा लेते हुए आवश्यक मरम्मत के लिए आरडब्ल्यूडी को कार्रवाई के निर्देश दिए। पोखरी चाका क्षेत्र में भी सड़क के एक-दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त पुस्तों का निरीक्षण कर उन्हें शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मानसून के दौरान हुई क्षति का मौके पर सही आंकलन करते हुए आवश्यक प्रस्ताव एवं रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत एवं आवश्यक कार्यवाही समय से की जा सके। इस दौरान तहसीलदार राजेन्द्र सिंह गुनसोला सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।