देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर से सड़क मार्ग के जरिए देहरादून लौटते समय हरिद्वार-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए गड्ढामुक्त अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग में सुलभ शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई की व्यवस्था और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही प्रदेश की सड़कों को बेहतर और सुरक्षित बनाने तथा आमजन को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सड़क मार्गों की स्थिति में सुधार और यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखना आवश्यक है, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ ही प्रदेश में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।
