देहरादून। राजधानी में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और मारपीट करने वालों के खिलाफ दून पुलिस की सख्ती जारी है। सोमवार देर रात हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास आपसी मारपीट और हंगामे की सूचना पर पहुंची नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मौके से एक कंटेंट क्रिएटर/यू-ट्यूबर समेत चार युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, चारों एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे और समझाने के बावजूद विवाद बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को नेक्सा शोरूम, हरिद्वार बायपास रोड के पास कुछ युवकों के बीच लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कंटेंट क्रिएटर/यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल और उसके साथियों द्वारा राज सिंह चौहान के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई।
मौके पर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया और उन्हें बायपास चौकी ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, चौकी में बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान एक बार फिर राज सिंह चौहान से उलझने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कथित तौर पर दोबारा झगड़े पर उतारू हो गए। इस दौरान चौकी परिसर में भीड़ भी एकत्रित हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत नियमानुसार हिरासत में ले लिया। मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, राज सिंह चौहान की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों का विवरण
अनुराग डोभाल (29) पुत्र जगदंबा डोभाल, निवासी मोना शेट्टी होम, ओ टावर, फ्लैट नंबर 201, खरड़, चंडीगढ़।
अभिषेक (22) पुत्र सतीश कुमार, निवासी घाट खेड़ा, थाना रामपुर मनिहारन, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
अभय चौधरी (23) पुत्र संजीव कुमार, निवासी बहादारपुर जट, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार।
कुर्बान (23) पुत्र शराफत, निवासी गढ़ी बेसक, थाना सनोली, जिला पानीपत, हरियाणा।
