देहरादून: एसएसपी देहरादून द्वारा शहर के व्यस्ततम मार्गाे/ चौराहों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। भ्रमण के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा रिस्पना चौक, कारगी चौक, आईएसबीटी आदि क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा उक्त स्थानों पर यातायात के दबाव को कम करते हुए यातायात के सुचारू संचालन हेतु उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। रिस्पना चौक के निरीक्षण के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा रिस्पना पुल पर बने ऑटो स्टैण्ड व उसके सामने बने डिवाइडर के कारण रिस्पना चौक पर यातायात का दबाव बढने के दृष्टिगत सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए उक्त डिवाडर को थोडा पीछे करने हेतु उपस्थित अधिकारियो को निर्देश दिये गये, जिससे चौक पर उक्त मार्ग के चौडा होने से यातायात के दबाव को कम किया जा सके।
आईएसबीटी पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान एसएसपी दून द्वारा उपस्थित अधिकारियों को वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खडा करवाने, सडक किनारे नो पार्किंग जोन में खडे वाहनों को क्रेन के माध्यम से टो करने तथा सडक पर सवारी उतरानेे/चढाने वाली बसों/अन्य सवारी वाहनों के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। इस दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा चौकी आईएसबीटी के बाहर खडे सीज वाहनों के लिये स्थान चिन्हित कर उक्त वाहनों को शिफ्ट करने के निर्देश दिये गये, जिससे उक्त स्थानों पर वाहनों का सुगमता से आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
आईएसबीटी चौकी में निरीक्षण के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा अपनी समस्याओं को लेकर चौकी पर आये शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर उनकी समस्याओं के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई तथा आमजन की शिकायतों/समस्याओ के प्रति संवेदनशील रहते हुए उन पर त्वरित कार्यवाही हेतु उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
कारगी चौक के निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था के बेहतर संचालन हेतु चौक पर बने पुलिस बूथ को थोडा पीछे करने तथा चौक व उसके आस-पास सडक पर अनावश्यक रूप से वाहनों को न खडा होने देने के उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये गये, साथ ही आईएसबीटी व उसके आस-पास के क्षेत्रों में यातायात के दबाव को कम करने के लिये यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले खासकर सडक पर अनावश्यक रूप से वाहन खडा कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, सम्बन्धित क्षेत्रों के थाना प्रभारी व यातायात निरीक्षक मौजूद रहे।