घनसाली/टिहरी गढ़वाल: घनसाली विधानसभा क्षेत्र में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान – स्वदेशी अपनाओ” के तहत एक भव्य विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बदरी-केदार समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लोगों को स्वदेशी अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि विधायक शक्ति लाल शाह ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वदेशी अपनाना ही सच्ची देशभक्ति है।” उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी दिनचर्या में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें ताकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम के उपरांत दीपावली मिलन समारोह एवं नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के स्वागत व सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके संयोजक अनिल चौहान और कुशाल रावत रहे। विधायक शक्ति लाल शाह ने पंचायत प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट, गोविंद सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बसुमति घणाता, मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन नौटियाल, अनूप बिष्ट, शोकिन भंडारी, कुलदीप रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिला समूह, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।