कर्णप्रयाग। हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप मामूली कहासुनी के बाद चार निहंग यात्रियों ने कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में बैरियर लगाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चौथे आरोपी को बुधवार को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों के कब्जे से चार तलवारें तथा दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। बरामद मोटरसाइकिलों के नंबर PB-65BK-3889 और PB-65BE-4296 हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसनप्रीत सिंह (23), अजय सिंह (23), सतविंदर सिंह (21) और मनप्रीत सिंह (21) निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि उपचाराधीन चौथे आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईटीबीपी और पीएसी की एक-एक कंपनी तैनात की गई है। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा स्वयं कर्णप्रयाग में कैंप कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त की जा रही है।
इस बीच पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों के प्रति पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति जारी रहेगी। वहीं, ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में चमोली पुलिस ने तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अभद्रता और शांति भंग न करने की सख्त चेतावनी दी है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।